कासगंज के सोरोंजी में मार्गशीर्ष एकादशी पर हर साल पंचकोसीय परिक्रमा लगाई जाती है। इस परिक्रमा में हजारों श्रद्धालु उमड़ते हैं। मंगलवार को तीर्थनगरी की प्राचीन पंचकोसीय परिक्रमा में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने परिक्रमा लगाकर पुण्यलाभ कमाया। वराह मंदिर से पंचकोसीय परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। चक्रेश्वर महादेव मंदिर, भादवा माता मंदिर, योगेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने सूर्यकुंड में स्नान किया। दूधाधारी मंदिर में चंद्रदेव के दर्शन के बाद सीताराम मंदिर, ग्रामदेवी, बटुकनाथ मंदिर, मां जयादेवी मंदिर में पूजन अर्चन किया।
गृधवट के दर्शन के बाद मोतियाथाल होते हुए श्रद्धालु तांत्रिक पीठ माता चौरासी घंटे वाली माता के मंदिर पहुंचे। यहां परिक्रमा का पड़ाव हुआ। फिर श्रद्धालु सीता रसोई होते हुए सिग्नल वाले बाबा के मंदिर पर पहुंचे। यहां दूसरा पड़ा हुआ। यहां से श्रद्धालु भागीरथ गुफा, करुआदेव मंदिर, सर्वसिद्ध गणेश मंदिर, महाप्रभु बल्लभाचार्य बैठक होते हुए श्रद्धालु फिर वराह मंदिर पहुंचे। जहां परिक्रमा का समापन हुआ। परिक्रमा में बड़ी संख्या में साधू संत भी शामिल थे।