ठियोग उपमंडल में राजस्व विभाग के अधिकारियों और फील्ड स्टाफ के साथ उपायुक्त अनुपम कश्यप ने आज बैठक की। उपायुक्त ने हर उप मंडल स्तर पर पटवारियों और राजस्व के फील्ड स्टाफ के साथ बैठक करने का फैसला लिया है। इसमें मुख्य तौर पर राजस्व विभाग के कार्यों में तीव्रता लाने और जनहितैषी कार्यों को आम जन तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करना है। उन्होंने कहा कि भूमिहीन लोगों के आवेदन पटवारियों के पास नहीं पहुंच रहे हैं लेकिन उपायुक्त कार्यालय में आवेदन पहुंच रहे है। यह पटवारी को सोचना होगा कि उनके पास क्यों नहीं पहुंच रहे है। उपायुक्त ने बैठक में पटवारियों से पूछा की सरकारी दफ्तरों के नाम कितनी भूमि नाम है तो इसमें पटवारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। उपायुक्त ने कहा कि सरकारी विभागों के नाम भूमि है लेकिन विभाग भूमि का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। ऐसी भूमि को चिन्हित करके भूमिहीन लोगों को मुहैया करवाने की दिशा में कार्य करने के लिए कार्य करें। बैठक में एडीएम प्रोटोकॉल ज्योति राणा, एसडीएम ठियोग डॉ शशांक गुप्ता, जिला राजस्व अधिकारी सुमेध शर्मा, नायब तहसीलदार, फील्ड कानूनगो और पटवारी विशेष तौर पर मौजूद रहे। बैठक में उपायुक्त ने पटवारियों से अपने-अपने पटवार सर्कल में आने वाले लंबरदारों की जानकारी पूछी तो बैठक में अधिकांश लंबरदारों के नाम ही नहीं बता पाए। बैठक में मौजूद पटवारियों में से 98 फीसदी ने आपदा विशेष राहत पैकेज के तहत ठियोग उप मंडल में बन रहे 323 मकानों को मिली वित्तीय सहायता के बाद मौके का निरीक्षण किया ही नहीं है। बैठक में केवल दो पटवारी ही रोज नामचा में निरीक्षण का रिकॉर्ड दिखा पाए।