लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह के शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र के दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD) के संबंधित अधिकारी के मौके पर उपस्थित नहीं होने का मामला सामने आया। निरीक्षण के दौरान अधिकारी की अनुपस्थिति पर मंत्री ने तत्काल फोन कर उनसे गैरहाजिर रहने का कारण पूछा। बताया जा रहा है कि अधिकारी के जवाब से संतुष्ट न होने पर मंत्री ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ स्पष्टीकरण (Explanation) जारी करने के निर्देश दिए हैं। विभाग अब अधिकारी से लिखित जवाब तलब करेगा कि मंत्री के दौरे के दौरान वह मौके पर क्यों उपस्थित नहीं थे। सूत्रों के अनुसार, मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में ऐसे मामलों से बचने और अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश भी दिए। यदि अधिकारी का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो विभागीय नियमों के तहत आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है।