हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के एसडीएम कार्यालय और न्यायिक परिसर रोहड़ू को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे परिसर को खाली करवा दिया है। जानकारी के अनुसार शिमला के लकड़ बाजार के समीप एवरसनी इलाके में भराड़ी रोड के समीप एक अज्ञात पोस्टर दीवार पर लगाया गया था। पोस्टर में रोहड़ू स्थित अदालत परिसर व एसडीएम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की ओर से तत्काल एहतियाती कदम उठाए गए। रोहड़ू में अदालत परिसर व एसडीएम कार्यालय को सुरक्षा के दृष्टिगत खाली करवाया गया। सभी वाहनों को परिसर से हटा दिया गया और मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया। वर्तमान में परिसर की गहन जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, जांच जारी है। इस संबंध में थाना सदर में मामला दर्ज कर अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि मामले की जांच जारी है। जिला शिमला पुलिस आम लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, शांति बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस की ओर से स्थिति पर पूर्ण रूप से नियंत्रण रखा जा रहा है।