प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक जिले में कांग्रेस के विभिन्न फ्रंटल संगठनों से पांच-पांच सक्रिय पदाधिकारियों की टीम तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के किसी भी आह्वान पर ये पदाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे। शिमला स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस सेवादल के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विनय कुमार ने कहा कि युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और अन्य फ्रंटल संगठनों के सक्रिय कार्यकर्ताओं को इस टीम में शामिल किया जाएगा। उनका उद्देश्य संगठन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और तेज बनाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों को सरकार में जिम्मेदारियां दिए जाने से सकारात्मक संदेश गया है। अब जरूरत इस बात की है कि संगठन को बूथ और जिला स्तर तक और अधिक मजबूत किया जाए, ताकि पार्टी जनता के बीच अपनी मौजूदगी और प्रभाव को बढ़ा सके। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को मुख्यधारा में और मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच सक्रिय रहना होगा और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठानी होगी। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने नीट छात्र आंदोलन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी मांगों का समर्थन करती है।