हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की लगौटी पंचायत के करशाला गांव में पारंपरिक दिवाली उत्सव को धूमधाम से मनाया गया। देवता लक्ष्मी नारायण करशाला के सम्मान में मनाई गई दिवाली में बंजार घाटी के अधिष्ठाता देवता शृंगा ऋषि घियागी, माता बूढ़ी नागिन घियागी तथा मुहान पंचायत के देवता सत्य नारायण बशावल ने भी सैकड़ों देवलुओं के साथ शिरकत की। दिवाली में एक साथ तीन देवी-देवताओं के आने से पूरी घाटी ढोल-नगाड़ों व शहनाई की स्वरलहरियों से गूंज उठी। इस दौरान देव नृत्य, ग्रामीणों व देवलुओं ने भव्य नाटी का आयोजन किया। उल्लेखनीय है कि देवता शृंगा ऋषि व माता बूढ़ी नागिन घियागी इन दिनों रघुपुर घाटी के दौरे पर हैं। इस दौरान देवताओं ने देहुरी में देवता खुडीजल के साथ भी मिलन किया है।