राजस्थान के पाली जिले में पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है। आनंदपुर कालू थाने के अंतर्गत आने वाली बलाड़ा अस्थाई पुलिस चौकी में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने बुजर्ग महिला को लात मार दी। हेड कांस्टेबल की इस हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल, बलाडा निवासी बुजुर्ग चांदू देवी का बेटा नाथूराम सांसी अवैध शराब का व्यापार करता है। पहले से दर्ज दो केस में पुलिस को उसकी तलाश थी। सोमवार शाम को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अगले दिन आरोपी नाथूराम की बुजुर्ग मां उससे मिलने के लिए चौकी पहुंच गई। उसने पुलिस से बेटे से मिलवाने की गुहार लगाई तो उसे इंतजार करने के लिए कहा गया। जगह नहीं मिलने के कारण वह चौकी के गेट के सामने बैठ गई। इस दौरान वहां आया हेड कांस्टेबल उमराव चौकी के गेट के बाहर बुजुर्ग को देखकर भड़क गया। उसने बुजुर्ग महिला से हटने के लिए कहा, लेकिन वह बेटे से मिलाने की जिद करने लगी। जिसके बाद हेड कांस्टेबल ने उसे लात मार दी और जबरन हटाने का प्रयास करने लगा। घटना का वीडियो सामने आने को बाद हेड कांस्टेबल पर कार्रवाई की मांग की जाने लगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने उसे निलंबित कर दिया है और मामले की जांच के भी आदेश दे दिए हैं।