राजस्थान में भले ही सीएम गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम पायलट में कोल्ड वॉर चल रहा हो, जमकर सियासी आरोप-प्रत्यारोप और खींचतान चल रही हो, लेकिन कांग्रेस हाईकमान को दोनों की बराबर जरूरत है। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में दोनों के नाम शामिल किए गए हैं। गहलोत को लिस्ट में 8वां और सचिन पायलट को 19वां स्थान दिया गया है। कांग्रेस पार्टी त्रिपुरा में सीएम गहलोत के तजुर्बे का पूरा इस्तेमाल करना चाहती है। गहलोत गठबंधन की राजनीति को बहुत अच्छी तरह समझते हैं। चुनाव में बारीकी से मैनेजमेंट करने के वह माहिर हैं। भावनात्मक और महीन राजनीति के गहलोत खिलाड़ी हैं। उन्हें राजनीति का जादूगर भी कहा जाता है।