भारत-पाकिस्तान हुसैनीवाला बार्डर से सटे गांव झुग्गे हजारा में बॉलीवुड फिल्म बंबू काट की हवेली बनी हुई है, जो सुंदरता के चलते लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। यहां पर बंबू काट फिल्म के बाद फिल्म बड़ा कलाकार व प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान का गीत फिल्माने के अलावा कई छोटे पर्दे की फिल्में व शादी विवाह की प्री-वेडिंग बन चुकी हैं। सीमावर्ती गांव झुग्गे हजारा में प्रवेश करते ही ये हवेली अपने आप में अलग से दिखती है। हवेली में न तो कोई रंग-रोगन किया है, इसे सिर्फ शहीदों के खून से फिरोजपुर की पवित्र हुई मिट्टी से पुताई की गई है। जो दूर से अपनी चमक से लोगों को अपनी तरफ खींचती है। ये भारत-पाकिस्तान के बीच खींचीं जीरो लाइन से लगभग 500 मीटर दूरी पर बनी हुई है। ये हवेली बंबू काट फिल्म के डायरेक्टर ने बनवाई थी। हवेली के जमीन मालिकों ने डायरेक्टर से किराया नहीं लिया, बल्कि बना बनया हवेली का सेट ले लिया था। इसलिए डायरेक्टर ने इसे फिल्म बनने के बाद तोड़ा नहीं था। आज भी लोग इसे देखने के लिए उक्त गांव में आते हैं। हवेली के मालिक भी लोगों की इज्जत करते हैं और उन्हें हवेली दिखाते हैं।