लुधियाना के गांव अकालगढ़ में एक परिवार ने गरीब मजदूर की जान की कीमत 20 हजार रुपये लगा डाली, जिसके बाद मृतक के परिवार और रिश्तेदारों का गुस्सा उफान पर चढ़ गया है। रायकोट के हरप्रीत सिंह (33) की घर के लैंटर के लिए सरिया बांधने के दौरान ऊपर से गुजर रही 11000 केवी हाई टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई | आरोपी पिता पुत्र ने हंकार में कह दिया कि मजदूर को क्या 10 लाख दें जितनी औकात है उतना दे रहे हैं। ये बात मृतक के परिजनों तक पहुंच गई जिसके बाद उनके साथ रिश्तेदारों और सैकड़ों लोगों ने लुधियाना-बठिंडा राज मार्ग पर थाना सुधार के पास यातायात ठप करके धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। राज मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गई हैं, जिसमें एंबुलेंस, वायु सेना के वाहन, बस, ट्रक और अन्य वाहन फंस गए हैं। प्रदर्शनकारी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हैं और घर मालिकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।