जगरांव में शुक्रवार सुबह घनी धुंध एक परिवार के लिए काल बनकर आई। सिधवा बेट रोड पर गांव रामगढ़ के नजदीक हुए भीषण सड़क हादसे में पूर्व फौजी सतवीर सिंह (45) की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सतवीर सिंह नकोदर से बाइक पर जगरांव होते हुए अपने गांव ढोलन लौट रहे थे। जैसे ही वह रामगढ़ के नजदीक स्काई होटल के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि सतवीर सिंह उछलकर सड़क पर जा गिरे और उनका सिर सीधे जमीन से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में आई गहरी चोटों के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।