पंजाब पुलिस की छवि पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो जालंधर के नूरमहल बाईपास से सामने आया है। यहां ट्रैफिक नाके पर तैनात एक पुलिसकर्मी कथित तौर पर ट्रक चालक से पैसे लेते हुए कैमरे में कैद हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अमर उजाला इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि ट्रैफिक नाके पर मौजूद पुलिसकर्मी एक ट्रक को रोकता है और चालक से दस्तावेज दिखाने के लिए कहता है। इसी दौरान चालक पुलिसकर्मी को कुछ पैसे देता नजर आता है। आरोप है कि पैसे लेने के बाद पुलिसकर्मी बैरिकेड हटाकर ट्रक को आगे जाने की अनुमति दे देता है। जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना ट्रक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बाद में ट्रक चालक ने वीडियो को वायरल कर दिया जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया से तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।