जालंधर के कस्बा फिल्लौर के जीटी रोड पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में मुर्गियों से भरे कैंटर की सड़क किनारे खड़े ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कैंटर मछीवाड़ा से हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट की ओर जा रहा था। कैंटर में कुल तीन लोग सवार थे। फिल्लौर जीटी रोड पर सीएनजी पंप के पास पहुंचने पर चालक को कथित तौर पर झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (एस एस एफ) की टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मुश्ताक अली को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। कैंटर चालक ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया और ट्रक का नंबर नोट नहीं किया जा सका। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर फरार चालक की तलाश में जुटी है।