फरीदकोट के रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस की मुस्तैदी और तत्परता से घर से लापता हुए दो मासूम सगे भाइयों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया। दोनों बच्चे गलती से जैतो रेलवे स्टेशन से यात्री ट्रेन में चढ़ गए थे और फरीदकोट पहुंच गए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीआरपी थाना फरीदकोट के एसएचओ इंस्पेक्टर जसवीर सिंह और सहायक एसएचओ जसवीर कौर की अगुवाई में पुलिस टीम शनिवार को रेलवे स्टेशन पर नियमित सुरक्षा एवं चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बठिंडा से फिरोजपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन नंबर 54563 फरीदकोट स्टेशन पहुंची। चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मचारियों की नजर प्लेटफॉर्म पर अकेले रो रहे दो छोटे बच्चों पर पड़ी। पुलिस टीम ने तुरंत दोनों बच्चों को अपने पास बुलाकर उन्हें संभाला और प्यार से पूछताछ की। बच्चों की पहचान जैतो निवासी 5 वर्षीय और 7 वर्षीय सगे भाइयों के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों भाई बिना घरवालों को बताए गलती से जैतो रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ गए थे और फरीदकोट पहुंचने के बाद ट्रेन से उतर गए। जीआरपी कर्मचारियों ने ह्यूमन इंटेलिजेंस तथा स्थानीय नेटवर्क की मदद से तत्काल बच्चों के परिवार का पता लगाया और उनके परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद बच्चों की माता और नानी ,फरीदकोट रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां दोनों बच्चों को सकुशल उनके हवाले कर दिया गया। परिजनों ने जीआरपी थाना फरीदकोट की टीम का दिल से धन्यवाद करते हुए पुलिस की तत्परता और मानवीय रवैये की सराहना की। जीआरपी ने आम लोगों से अपील की है कि छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और रेलवे यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जीआरपी या नजदीकी पुलिस कर्मचारी से संपर्क करें।