मोगा पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है। आरोपियों के पास से 100 नशीली गोलियां और 40 हजार प्रेगाबलीन कैप्सूल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी जसविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस पार्टी गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि लुधियाना रोड से गांव चुगांवां को जाने वाली लिंक रोड पर दो व्यक्ति एक शेड के नीचे बैठकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं और उनके पास भारी मात्रा में नशीली गोलियां मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत मौके पर छापा मारकर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 100 नशीली गोलियां और प्लास्टिक के चार कट्टे बरामद हुए। प्रत्येक कट्टे में 10-10 हजार प्रेगाबलीन 300 एमजी कैप्सूल पाए गए, जिससे कुल 40 हजार कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र सिंह निवासी बाघापुराना और लवप्रीत सिंह निवासी गांव रणसींह कलां के रूप में की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। वीरवार को दोनों आरोपी को अदालत में पेश करके दो दिन का पुलिस रीमांड हासिल किया गया। इनसे पूछताछ करने पर और भी बड़ा खुलासा होने का संभावना है।