जगराओं रायकोट-मलेरकोटला रोड स्थित ताजपुर चौक शुक्रवार देर रात एक बार फिर भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। ट्रक, स्विफ्ट डिजायर कार और महिंद्रा स्कॉर्पियो के बीच हुई जोरदार टक्कर में ट्रक सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि तीनों वाहन और एक मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12 बजे उत्तर प्रदेश के सांवली क्षेत्र का एक ट्रक गांव राजोआणा कलां स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले करीब 12 प्रवासी मजदूरों को उनके घर छोड़ने जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और ट्रक चालक इमरान के अनुसार, जैसे ही ट्रक ताजपुर चौक के पास पहुंचा, ताजपुर की ओर से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार ने कथित तौर पर अचानक गलत तरीके से मोड़ काट लिया। कार को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक चौक के पास बनी दुकानों में जा घुसा। इसी दौरान एक महिंद्रा स्कॉर्पियो भी ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट डिजायर और स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वहीं, पास खड़ी एक मोटरसाइकिल भी हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।