कस्बा काला संघियां स्थित लूंबा हैंडलूम की दुकान पर फायरिंग 35 हजार पौंड के लेन-देने के विवाद में हुई थी। हैंडलूम मालिक के इंग्लैंड रहते बेटे का वहीं पर किसी से विवाद चल रहा था। इसी के चलते दबाव और डर बनाने के लिए यहां पर देर रात घर पर फायरिंग करवाई। पुलिस ने इस मामले को सुलझाने का दावा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से 7.62 एमएम के चार खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दूसरे आरोपी की भी पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी (जांच) हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि बीते आठ अगस्त की रात करीब एक बजे दो बाइक सवार अज्ञात युवकों ने गांव काला संघियां स्थित लुंबा हैंडलूम की दुकान पर गोलियां चलाई थीं। इस संबंध में आलमगीर निवासी कुलदीप कुमार लुंबा की शिकायत पर थाना सदर कपूरथला में बीएनएस की धारा 125 और आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत केस दर्ज किया गया था। मामले की जांच के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई थीं। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने अमरजीत सिंह निवासी शाहले चक, थाना कलानौर जिला गुरदासपुर को गिरफ्तार कर लिया।