फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंत्री के एक महीने के आश्वासन पर खत्म हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, एक कर्मचारी अब भी डटा

शाहिल शर्मा Updated Thu, 16 Jul 2026 06:20 PM IST

नगर काउंसिल खन्ना में अपनी मांगों को लेकर कई दिनों से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल गुरुवार को उस समय समाप्त होती दिखाई दी, जब पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने कर्मचारियों को एक माह के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया। मंत्री के आश्वासन के बाद अधिकांश कर्मचारी धरनास्थल से उठ गए, लेकिन एक कर्मचारी के धरने पर डटे रहने से हड़ताल समाप्त होने पर ही सवाल खड़े हो गए। सफाई यूनियन के प्रधान गरीबदास ने पत्रकारों से कहा कि मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि एक महीने के भीतर कर्मचारियों को पक्का करने सहित लंबित मांगों पर सरकार फैसला करेगी। इसी विश्वास के आधार पर यूनियन ने फिलहाल हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तय समय में सरकार ने वादा पूरा नहीं किया तो कर्मचारी दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे। हालांकि यूनियन के नेता राजीव का रुख कुछ अलग दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि मंत्री ने कर्मचारियों के बीच आकर एक महीने का समय मांगा है, लेकिन अंतिम फैसला यूनियन की बैठक के बाद ही लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लिखित आश्वासन और सदस्यों की राय के बाद ही आंदोलन समाप्त करने पर अंतिम निर्णय होगा। इसी बीच सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब सभी कर्मचारी धरना स्थल से उठ गए, लेकिन सफाई कर्मचारी कृष्ण कुमार वहीं धरने पर बैठे रहे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पंजाब सफाई यूनियन के आह्वान पर शुरू हुआ था, इसलिए इसे समाप्त करने का अधिकार भी पंजाब यूनियन का ही है। जब तक ऊपर से आधिकारिक आदेश नहीं मिलेगा, वह धरना नहीं छोड़ेंगे। कृष्ण कुमार के धरने पर बैठे रहने से यह सवाल खड़ा हो गया कि क्या वास्तव में हड़ताल समाप्त हो चुकी है या नहीं। इस पर प्रधान गरीबदास ने कहा कि कृष्ण कुमार को समझाया जाएगा और यह केवल गलतफहमी का मामला है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह भी यूनियन के फैसले का सम्मान करेंगे। अब सबकी निगाहें शुक्रवार पर टिकी हैं। यदि कृष्ण कुमार भी धरना समाप्त कर देते हैं और कोई अन्य कर्मचारी आंदोलन जारी नहीं रखता, तो माना जाएगा कि खन्ना सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पूरी तरह समाप्त हो गई। लेकिन यदि धरना जारी रहता है तो मंत्री के आश्वासन के बावजूद आंदोलन खत्म होने का दावा सवालों के घेरे में रहेगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें