पंजाब में बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब आम जनता पर साफ दिखाई देने लगा है। मोगा के वधवा सिंह नगर में पिछले 12 घंटे से ट्रांसफार्मर में खराबी के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे इलाके के लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने बिजली विभाग के ऑनलाइन कंप्लेंट नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। जब संबंधित क्षेत्र के जेई और अन्य अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके पास काम करने के लिए कोई कर्मचारी उपलब्ध नहीं है, क्योंकि सभी आउटसोर्स कर्मचारी हड़ताल पर हैं। ऐसे में फिलहाल समस्या का समाधान संभव नहीं हो पा रहा है। इस स्थिति को लेकर लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। वार्ड के कांग्रेस नेता डॉ. नूर धालीवाल ने कहा कि मौजूदा सरकार में बिजली व्यवस्था का बुरा हाल हो चुका है। उन्होंने बताया कि विभाग के कर्मचारी लंबे समय से हड़ताल पर हैं, जिसके चलते आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 12 घंटे से बिजली न होने के कारण भीषण गर्मी में छोटे-छोटे बच्चों सहित लोग बेहद परेशान हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए, नहीं तो लोग मजबूर होकर सड़कों पर उतर कर पदर्शन करेंगे