पंजाब पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ पुलिस स्टेशन ब्लास्ट से संबंधित जांच में सफलता हासिल की है, जिसमें पाक-आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक नार्को-टेरर मॉड्यूल की संलिप्तता का पता चला है और इसके दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि यह ऑपरेशन हिमाचल प्रदेश पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर किया गया। आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह उर्फ शेरू उर्फ कमल और प्रदीप सिंह उर्फ दीपू के रूप में हुई है, दोनों नंवाशहर के राहों के रहने वाले हैं। पुलिस टीमों ने उनके पास से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) भी बरामद किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए गुर्गे गुरप्रीत उर्फ गोपी नवांशहरिया और बीकेआई के मास्टरमाइंड हरविंदर रिंदा के करीबी सहयोगी शुशांत चोपड़ा के निर्देश पर काम कर रहे थे।