मोगा के थाना धर्मकोट क्षेत्र के अंतर्गत खेतों में किसानों ने पराली को आग लगा दी। सूचना मिलते ही थाना धर्मकोट के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पराली में लगी आग को बुझाया। इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत थाना धर्मकोट में चार विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो लगातार गांव-गांव जाकर गश्त कर रही हैं। जैसे ही किसी स्थान पर पराली जलाने की सूचना मिलती है, टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई करती हैं। बुधवार को चक बोरे गांव में लगी आग को समय रहते बुझाया गया और मौके पर मौजूद किसानों को जागरूक किया गया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। मोगा पुलिस और जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले को “नो पराली बर्निंग ज़ोन” बनाया जाए, ताकि आने वाले वर्षों में पर्यावरण प्रदूषण को और घटाया जा सके।