फरीदकोट जिले में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे यात्रियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीआरपी थाना फरीदकोट की ओर से फरीदकोट, संधवां, कोटकपूरा, जैतो समेत आसपास के रेलवे स्टेशनों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पंजाब की स्पेशल डीजीपी (रेलवेज) शशि प्रभा त्रिवेदी के निर्देशों पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व एसएचओ जसवीर सिंह ने किया। इस दौरान आरपीएफ और जिला पुलिस की टीमें भी साथ रहीं। पुलिस टीमों ने मेटल डिटेक्टरों व अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम, टिकट खिड़कियों, पार्सल घर, पार्किंग और रेलवे ट्रैक की जांच की। यात्रियों के सामान की तलाशी लेने के साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। संधवां रेलवे स्टेशन के पास किसानों के धरने को देखते हुए विशेष निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने बताया कि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और स्थिति शांतिपूर्ण रही। पुलिस ने यात्रियों से लावारिस सामान को न छूने और तुरंत जीआरपी को सूचना देने की अपील की है।