पैरामेडिकल स्वास्थ्य कर्मचारी संघर्ष कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य विभाग के दोनों निदेशकों से मुलाकात कर कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर चर्चा की। बैठक की अगुवाई कमेटी के कोऑर्डिनेटर गुलजार खान और नरेंद्र शर्मा ने की। बैठक में आउटसोर्स कर्मचारियों को विभाग के अधीन लाने, कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने, 17 जुलाई 2020 के पत्र को रद्द कर पंजाब का पे स्केल लागू करने, कथित तौर पर गलत तबादले रद्द करने और सब-सेंटरों तक वैक्सीन पहुंचाने की उचित व्यवस्था करने की मांग रखी गई। इसके अलावा रेडियोग्राफरों की संख्या बढ़ाने, सभी कैडरों की पदोन्नति समय पर करने, सीएचओ का नियमित कैडर बनाने, कैडरों के नाम मांग के अनुसार बदलने और बंद पड़े मल्टीपरपज कैडर के प्रशिक्षण स्कूल दोबारा शुरू करने की मांग भी उठाई गई। कर्मचारी नेताओं ने वरिष्ठता सूचियों में संशोधन कर उन्हें विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करने समेत अन्य मांगों पर भी चर्चा की। नेताओं के अनुसार, अधिकारियों के साथ सकारात्मक बातचीत हुई और कुछ मांगों को जल्द पूरा करने का भरोसा दिया गया। इसके बाद 20 अगस्त को प्रस्तावित धरना फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। अब 2 सितंबर को कमेटी की बैठक होगी, जिसमें आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा।