मोगा के मेन बाजार रेलवे फाटक के नजदीक एक अज्ञात युवक का संदिग्ध हालत में शव पड़े हुए मिला। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और समाज सेवा सोसायटी की मदद से शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए मोगा सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी एएसआई त्रिलोक सिंह ने बताया कि पुलिस को मेन बाजार रेलवे फाटक के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। इसके चलते शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक मोगा सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 22 से 23 वर्ष है। उसके दाएं हाथ पर पंजाबी में ‘जीर्णा कौर’ लिखा हुआ टैटू बना है, जबकि बाएं हाथ पर ‘रतन’ लिखा हुआ है। मृतक ने हल्के नीले रंग की टी-शर्ट और ग्रे रंग की पैंट पहनी हुई थी। रेलवे पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस युवक की पहचान या उसके संबंध में कोई जानकारी हो तो तुरंत रेलवे पुलिस चौकी या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।