फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पाश्तून रेस्टोरेंट के बेसमेंट में लगी आग, तीन दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

पवन कुमार Updated Tue, 11 Aug 2026 09:36 PM IST

सेक्टर-35 स्थित रेस्टोरेंट पाश्तून के बेसमेंट में बने स्टोर रूम में मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे अचानक आग लग गई। स्टोर से धुआं उठता देख रेस्टोरेंट में काम करने पहुंचे कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना मालिक को दी। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही मिनटों में सेक्टर-32 फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। एहतियातन पुलिस और एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। रेस्टोरेंट मालिक गौरव कोहली ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका है। कर्मचारियों ने सुबह स्टोर से धुआं निकलते देखा था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया। आग बेसमेंट में बने स्टोर रूम तक सीमित रही। वहां रखी कुछ पुरानी फाइलें आग की चपेट में आकर जल गईं। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से रेस्टोरेंट के दूसरे हिस्सों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। हादसे में किसी कर्मचारी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। बिजली सप्लाई बंद होने में लगी 45 मिनट सेक्टर-32 फायर स्टेशन ऑफिसर दिलीप सिंह ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। बेसमेंट से धुएं के गुबार निकल रहे थे। जांच में प्रथमदृष्टया शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के दौरान बिजली सप्लाई बंद कराना बेहद जरूरी था। इसके लिए बिजली विभाग को सूचना दी गई, लेकिन करीब 45 मिनट बाद बिजली की सप्लाई बंद की गई। फायर ऑफिसर ने इसे बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही बताया। उनका कहना था कि बिजली चालू रहने से आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मियों के लिए खतरा बना हुआ था। बिजली विभाग के कर्मचारी को मौके पर बुलाकर सप्लाई बंद कराई गई, जिसके बाद करीब आधे घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दिलीप सिंह ने बताया कि आग की सूचना समय पर मिल गई, इसलिए बड़ा हादसा टल गया। रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे। आग वहां तक पहुंचती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें