पाकिस्तानी आतंकी हरविंदर रिंदा अब पंजाब के पठानकोट में एक्टिव हो चुका है। बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए पठानकोट में हरविंदर रिंदा ने अपने स्लीपर सेल एक्टिव कर लिए हैं। यही नहीं उसने पठानकोट के बॉर्डर क्षेत्र नरोट जैमल सिंह में जानलेवा हथियारों का एक जखीरा भी भेजा हुआ था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। इन हथियारों में पुलिस ने तीन एके-47, दो पिस्टल जिनमें एक चाइना मेड व दूसरी टरकी मेड है और सात मैगजीन समेत 98 जिंदा कारतूस मिले हैं। जिला पुलिस ने यह कार्रवाई सेंटर एजेंसियों के साथ मिलकर की है। डीआईजी बॉर्डर रेंज अमृतसर संदीप गोयल ने पठानकोट में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि पठानकोट के नरोट जैमल सिंह थाना की पुलिस को सेंटर एजेंसियों से सूचना मिली थी कि आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा पुत्र चरन सिंह संधू निवासी श्री हजूर साहिब नंदेड़ महाराष्ट्र जोकि आईएसआई के इशारे पर अपने साथियों संग मिलकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाला है और उसने पाकिस्तान से हथियारों की भेजी खेप को पठानकोट के बॉर्डर क्षेत्र में छिपा कर रखा है जिसके बाद पुलिस ने उक्त क्षेत्र की सर्च दौरान भारी मात्रा में असला बरामद कर आतंकी रिंदा के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।