पठानकोट की मामून छावनी पहुंचे वेस्टर्न कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ने पाकिस्तान को कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर पाकिस्तान भले ही दुनिया में झूठ फैलाए, लेकिन हकीकत में उसे भारी नुकसान झेलना पड़ा था और अब अगर कोई हिमाकत की गई तो 'ऑपरेशन सिंदूर-2.0' का प्रहार पहले से कहीं अधिक घातक होगा। सैन्य तैयारियों का जायजा लेने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली यूनिटों को सम्मानित करने पहुंचे कमांडर ने स्पष्ट किया कि भारतीय सेना पाकिस्तानी सेना के घुटने टिकवाकर उससे हार स्वीकार करवाने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि पहले भी पाकिस्तान को उसके दुस्साहस का कड़ा सबक सिखाया गया था, मगर अब भविष्य में होने वाली किसी भी गलती के परिणाम पाकिस्तान के लिए पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक और विनाशकारी साबित होंगे।