आय से अधिक संपत्ति मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया नाभा जेल से बाहर आ गए हैं। जेल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी। मजीठिया के समर्थक जेल के बाहर डटे हुए हैं। जेल के बाहर ढोल-नगाड़ों के साथ भंगड़ा हो रहा है। मजीठिया करीब सात माह से नाभा जेल में बंद थे। राधा स्वामी सत्संग डेरा ब्यास प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों सोमवार को मजीठिया से मुलाकात करने नाभा जेल पहुंचे थे। उन्होंने करीब अधा घंटा जेल में मजीठिया से बात की। डेरा प्रमुख ने बाहर आकर कहा था कि मजीठिया के खिलाफ लगे सभी आरोप झूठे हैं। मजीठिया उनके दोस्त हैं, इसलिए वे उनसे मिलने आए हैं। जेल में वह खुश और पूरी तरह चड़दी कलां में हैं। इससे पहले पिछले हफ्ते शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल भी जेल में मजीठिया से मिलने आए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब यात्रा के अगले ही दिन ढिल्लों की यह मुलाकात चर्चा का विषय बनी।