पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। अमृतसर में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के विरोध में पोस्टर लगाए गए, जिनमें उन पर भाजपा का साथ देने का आरोप लगाते हुए उन्हें कांग्रेस से बाहर करने की मांग की गई। वहीं मोगा में कांग्रेस की वर्कर मीटिंग से पहले चन्नी समर्थकों ने पोस्टर लगाकर प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल को हटाने की मांग की। पोस्टरबाजी के बाद पार्टी की अंदरूनी खींचतान को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि इन पोस्टरों की जिम्मेदारी किसी संगठन या व्यक्ति ने नहीं ली है और कांग्रेस की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के भीतर गुटबाजी खुलकर सामने आने लगी है।