आम आदमी पार्टी के सरपंच जरमल सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर सुखराज सिंह उर्फ गंगा को मुठभेड़ में मार गिराया। यह एनकाउंटर अमृतसर के वल्ला बाइपास इलाके में हुआ। पुलिस के अनुसार, बीते दिन एक रिसॉर्ट में आयोजित विवाह समारोह के दौरान सरपंच जरमल सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों को रायपुर से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान मिली अहम जानकारियों के आधार पर मुख्य शूटर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उसे रिकवरी के लिए वल्ला इलाके में लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में हुई मुठभेड़ में वह मारा गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। बता दें कि तरनतारन के विधानसभा क्षेत्र खेमकरण से आम आदमी पार्टी के विधायक सरवण सिंह धुन्न के करीबी माने जाने वाले सरपंच जरमल सिंह वल्टोहा की चार जनवरी को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह वारदात अमृतसर के एक मैरिज पैलेस में शादी समारोह के दौरान हुई थी।