मजीठा क्षेत्र के गांव तनेल में एक युवक के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। युवक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक महिला से अवैध संबंधों के शक में कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर लिया और घर ले जाकर बुरी तरह पीटा। आरोप है कि बाद में युवक को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार के अनुसार, युवक रोज की तरह काम पर जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने बाइक पर उसका पीछा कर पकड़ लिया। आरोप है कि पहले युवक से सड़क पर मारपीट की गई, फिर उसे जबरन एक घर में ले जाकर घंटों तक पीटा गया। परिवार का यह भी कहना है कि जब वे उसे बचाने पहुंचे तो उन्हें भी धक्के देकर बाहर निकाल दिया गया।