अमृतसर में वल्ला चौकी पुलिस ने कोल्ड ड्रिंक कंपनी का माल चोरी कर बेचने वाले दो चालकों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी से जुड़े अहम सुराग भी जुटाए हैं, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार कंपनी के मालिक विक्रम खजूरिया को पिछले काफी समय से माल कम होने का संदेह था। जांच करने पर पता चला कि कंपनी में कार्यरत चालक ट्रकों में लोड कोल्ड ड्रिंक के क्रेट रास्ते में उतारकर बेच देते थे। आरोप है कि दोनों चालक कई महीनों से इस वारदात को अंजाम दे रहे थे और करीब 7 से 8 लाख रुपये का माल बेच चुके थे। शिकायत मिलने के बाद वल्ला चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान ‘लाली’ नामक एक अन्य युवक का नाम भी सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। कंपनी मालिक विक्रम खजूरिया ने बताया कि वह आरोपियों के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई चाहते हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।