अमृतसर में हिमालय परिवार पंजाब की ओर से “प्रथम सिंध कुंभ” के संबंध में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर इंद्रेश कुमार (अखिल भारतीय कार्यकारी सदस्य, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) और परमजीत सिंह गिल (राष्ट्रीय कार्यकारी प्रधान, हिमालय परिवार) मुख्य रूप से उपस्थित रहे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए इंद्रेश कुमार ने कहा कि सिंधु नदी हमारी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान से गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि “हिंदुस्तान” और “हिंदू” शब्दों की उत्पत्ति भी सिंधु नदी से ही मानी जाती है, इसलिए इस नदी को नमन करना हमारी परंपरा का अहम हिस्सा है। उन्होंने जानकारी दी कि 22 जून से 27 जून तक “सिंध कुंभ” का आयोजन किया जाएगा, जो इस बार विशेष होगा क्योंकि इस आयोजन के 30 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर इसे कुंभ के रूप में मनाया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना है। वहीं परमजीत सिंह गिल ने बताया कि हिमालय परिवार द्वारा यात्रा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यह यात्राएं कुरुक्षेत्र और जम्मू सहित विभिन्न स्थानों से शुरू होंगी, जबकि अन्य श्रद्धालु भी अपने स्तर पर इसमें शामिल हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से 10 से 15 हजार सदस्यों के लिए रहने और यात्रा की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और भारतीय विरासत को मजबूत करने का एक बड़ा मंच भी है। पंजाब से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इस यात्रा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।