अमृतसर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर अब सख्ती बढ़ने जा रही है। शहर में जल्द ही ऑनलाइन चालान व्यवस्था शुरू की जाएगी। इसके तहत ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान सीधे CCTV कैमरों की मदद से काटे जाएंगे। जानकारी देते हुए अमनदीप कौर ने बताया कि अमृतसर शहर में लगे करीब 1300 CCTV कैमरों के जरिए ट्रैफिक गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। जो लोग ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके ऑनलाइन चालान स्वतः जारी हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक सिग्नल पर वाहन चालकों को स्टॉप लाइन और जेब्रा क्रॉसिंग के पीछे ही वाहन रोकना होगा। यदि कोई वाहन चालक स्टॉप लाइन पार करता है या जेब्रा लाइन के ऊपर वाहन खड़ा करता है, तो उसका भी चालान किया जाएगा।