लगातार बारिश के बाद सीवरेज जाम होने से खजाना गेट क्षेत्र जलमग्न हो गया। जलभराव के कारण एक मकान की रसोई का लैंटर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से बारिश का पानी जमा रहने के कारण मकानों की नींव कमजोर होती जा रही है। उनका आरोप है कि पहले भारी बारिश के बावजूद पानी की निकासी हो जाती थी, लेकिन इस बार सीवरेज और नालियों के जाम होने से हालात बेकाबू हो गए हैं। पीड़ित परिवारों और क्षेत्रवासियों ने नगर निगम व प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि बरसाती पानी की निकासी का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं की गई तो कई अन्य मकान भी खतरे की जद में आ सकते हैं।