स्प्रिंग डेल सीनियर स्कूल में सोमवार को जूनियर हॉकी विश्व कप ट्राफी-2025 का परिसर में ढोल की थाप पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। बता दें कि हॉकी इंडिया ने उद्घाटन समारोह के लिए पवित्र नगरी अमृतसर को चुना था और यहीं से ट्राफी देश के विभिन्न हिस्सों में ले जाई जाएगी। ट्राफी को अमृतसर के हॉकी ओलंपियन बलविंदर सिंह शम्मी, डॉ. अमनदीप कौर, सुखजीत कौर शम्मी, शमशेर सिंह (ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता) लेकर पहुंचे।
इस दौरान स्प्रिंग डेल एजुकेशनल सोसाइटी के अध्यक्ष साहिलजीत सिंह संधू ने अपने माता-पिता स्वर्गीय डा. शिविंदर सिंह संधू और मनवीन संधू के खेल के प्रति जुनून को याद किया, जिसने राष्ट्रीय खेल के गौरव को बहाल करने और सीमावर्ती क्षेत्र में हॉकी के खेल को पुनर्जीवित करने के अथक प्रयासों का आधार बनाया। उनका सपना एक वास्तविकता बन गया, क्योंकि स्प्रिंग डेल सीनियर स्कूल में पोषित युवा प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ियों के रूप में विकसित हुईं।
स्कूल के पूर्व छात्र अरायजीत सिंह हुंदल पिछले दो जूनियर विश्व कप का हिस्सा रहे हैं। भारतीय हॉकी टीम के मुख्य चयनकर्ता और एमआरएसएचए (महाराजा रणजीत सिंह हॉकी अकादमी) के अध्यक्ष ओलंपियन बलविंदर सिंह शम्मी ने स्वर्गीय डॉ. शिविंदर सिंह संधू और मनवीन संधू के साथ अपनी अकादमी के लंबे समय के जुड़ाव को याद किया। उन्होंने हॉकी पंजाब और महाराजा रणजीत सिंह हॉकी अकादमी के साथ अपने लंबे जुड़ाव के लिए स्कूल प्रबंधन का धन्यवाद किया, जिसके परिणामस्वरूप अतीत में कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार हुए हैं। अंत में स्कूल प्रबंधन, कर्मचारियों और छात्रों ने टीम इंडिया के जूनियर विश्व कप-2025 जीतने की कामना की। इस अवसर पर डा. कीरत संधू चीमा, बिक्रमजीत सिंह, निर्मल सिंह, कुलजीत सिंह बमराह, डॉ. जसवंत सिंह कालरा और डॉ. सेंथिल राज कुमार मौजूद थे।