पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फरार गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। इंडोनेशिया से डिपोर्ट कर भारत लाए गए कुख्यात गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला को सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच बाबा बकाला साहिब की अदालत में पेश किया गया। कोर्ट में सुनवाई के बाद गैंगस्टर को आठ दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस के अनुसार, जोबनजीत बिल्ला लंबे समय से विदेश में छिपा हुआ था। उसे भारत वापस लाने के लिए इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया था। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस के विशेष अभियान 'ऑपरेशन नोमैड हंट' के तहत की गई, जिसका उद्देश्य विदेशों में छिपे गैंगस्टरों को कानून के दायरे में लाना है।