ज्ञानी रघबीर सिंह पूर्व जत्थेदार ने मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ता टकराव मानवता के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि सीमाओं और धर्म के नाम पर होने वाली लड़ाइयों से हमेशा इंसानियत का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि ईराक और लेबनान जैसे क्षेत्रों में लंबे समय से संघर्ष होते रहे हैं, जिनमें सबसे ज्यादा नुकसान आम और निर्दोष लोगों को उठाना पड़ता है। ज्ञानी रघबीर सिंह ने कहा कि मिसाइलों और बमों से किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल सकता। उन्होंने संबंधित देशों और विश्व शक्तियों से अपील की कि यदि आपसी मतभेद हैं तो उन्हें युद्ध के मैदान की बजाय बातचीत की मेज पर बैठकर सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास होने चाहिए जिससे जान-माल का नुकसान रोका जा सके और दुनिया में शांति और भाईचारा कायम रह सके। साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मानवता की भलाई के लिए आगे आकर युद्ध को रोकने में प्रभावी भूमिका निभाने की अपील की।