दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में चल रहे आंदोलन के समर्थन में रविवार को अमृतसर में कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए 'फतह मार्च' निकाला। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष सौरव मदान उर्फ मित्थू मदान की अगुवाई में निकाला गया यह मार्च विरासती मार्ग से डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक तक पहुंचा, जहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में नारेबाजी की। पत्रकारों से बातचीत में सौरव मदान ने दावा किया कि छात्रों के लंबे आंदोलन के कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हुआ, जिसे उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने शुरुआत से ही छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया। मदान ने मांग की कि दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने पेपर लीक मामलों को केंद्र सरकार की विफलता बताया। साथ ही पंजाब सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जल्द ही पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग को लेकर भी आंदोलन तेज करेगी।