आय से अधिक संपत्ति मामले में जेल से बाहर आने के करीब सात महीने बाद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया सोमवार को सचखंड श्री दरबार साहिब पहुंचे। उन्होंने मत्था टेककर गुरु साहिब का शुक्राना अदा किया। इसके बाद वे गुरु घर के लंगर हाल में पहुंचे, जहां संगत के साथ लंगर छका और बर्तन धोकर सेवा निभाई। पत्रकारों से बातचीत में मजीठिया ने कहा कि गुरु रामदास महाराज और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की अपार कृपा से ही वे इस कठिन दौर से बाहर निकल सके। उन्होंने बताया कि जेल में रहते हुए भी उन्हें नितनेम और सेवा का अवसर मिला, जिससे उन्हें हौसला मिला। मजीठिया ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि आज के समय में प्रेस की आजादी को दबाया जा रहा है और विपक्षी नेताओं को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ मानवाधिकारों का उल्लंघन हुआ है, जिसकी रिपोर्ट अदालत में दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वे आगे भी पंजाब और सिख समाज के हितों के लिए आवाज उठाते रहेंगे।