पंजाब पुलिस के तहत काम कर रही अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सरहद पार और मध्य प्रदेश से जुड़े अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 पिस्तौल और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों में एक PX5 .30 बोर, तीन .32 बोर और दो .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मध्य प्रदेश से अवैध हथियार हासिल करते थे और सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान आधारित तस्करों से संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह ड्रोन के माध्यम से सरहद पार से हथियार मंगवाकर माझा क्षेत्र और दुआबा क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों तक सप्लाई करता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपा उर्फ दीपु (22), अरुण कुमार उर्फ साबू (26) दोनों निवासी अमृतसर और सुखजिंदर उर्फ सुखा (29) निवासी दुआबा क्षेत्र के रूप में हुई है। इनमें से दो आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस संबंध में सिविल लाइंस थाना, अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस नेटवर्क के आगे-पीछे के लिंक खंगाल रही है। पूरे मॉड्यूल को ध्वस्त करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर जांच जारी है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह कार्रवाई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है, जिससे कई संभावित आपराधिक घटनाओं को रोका जा सका। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे छोटे लालच में आकर अपराध की राह पर न चलें।