अमृतसर पुलिस के पीओ स्टाफ ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कई वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पीओ स्टाफ के इंचार्ज हरीश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर जी.पी.एस. भुल्लर, डीसीपी आर.पी.एस. सिद्धू और एसीपी हरमिंदर सिंह संधू के दिशा-निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार उर्फ बिंदू पुत्र जगीर सिंह निवासी एकता नगर, जहाजगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बिंदू के खिलाफ थाना मजीठा रोड और थाना मोहकमपुरा में दर्ज मारपीट और चोरी के मामलों में वर्ष 2019 से अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा था। इंचार्ज हरीश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी होला मोहल्ला के संबंध में डेरा साहिब जाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तड़के उसके घर पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि यदि थोड़ी भी देरी होती तो आरोपी फरार हो सकता था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि विजय कुमार उर्फ बिंदू के खिलाफ कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से 8 मामलों में वह अदालत में पेश हो रहा था, जबकि दो गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। इस मौके पर हरीश कुमार ने युवाओं से अपील की कि वे अपराध और नशे से दूर रहकर पढ़ाई और खेलों की ओर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि कानून से कोई भी लंबे समय तक बच नहीं सकता।