न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी समेत विभिन्न मांगों के लिए लेकर शंभू व खनौरी बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों ने बुधवार को तीन घंटे के लिए पंजाब में ट्रेनों को पूरी तरह से रोका। किसानों ने सूबे में 52 जगह रेलवे ट्रैक पर धरना दिया। रेल रोको आंदोलन के चलते 12 ट्रेनें रद्द की गई। इसके अलावा दो ट्रेनों को शार्ट टर्मिनेट, दो ट्रेनों को शार्ट ओरिजीनेट व 34 ट्रेनों को विलंब के कारण देरी से चलाया गया है। यह जानकारी रेल डिवीजन फिरोजपुर के डीआरएम संजय साहू ने दी है। किसानों ने अमृतसर, पठानकोट, होशियारपुर, लुधियाना, सुनाम समेत कई जगह दोपहर 12 से तीन बजे तक रेलवे ट्रैक पर बैठकर ट्रेनों का संचालन बंद करवा दिया।