अजनाला से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने पंजाब में हाल ही में हुए धमाकों की घटनाओं पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इन्हें बेहद गंभीर बताया है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब में अमन-शांति खराब करने की बड़ी साजिश रची जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। धालीवाल ने बताया कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र के गांवों के विकास कार्यों को लेकर सरपंचों, जेई और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। इसी दौरान पंजाब की मौजूदा सुरक्षा स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की गई। उन्होंने जालंधर के बीएसएफ चौक और अमृतसर के खासा इलाके में हुए धमाकों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं। उन्होंने कहा कि यह पंजाब की शांति और सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। विधायक धालीवाल ने केंद्र सरकार और बीएसएफ की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है और यहां सुरक्षा की जिम्मेदारी काफी हद तक केंद्रीय एजेंसियों पर है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ को 50 किलोमीटर तक के क्षेत्र में विशेष अधिकार दिए गए हैं, इसके बावजूद ड्रोन के जरिए नशा और हथियारों की तस्करी कैसे जारी है, यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें पंजाब का माहौल खराब कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती हैं। धालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब को अस्थिर नहीं होने देगी और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान कई बार केंद्र सरकार से सीमा सुरक्षा मजबूत करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। इसके बावजूद पंजाब सरकार ने अपने स्तर पर एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने जैसे कदम उठाए हैं। अंत में धालीवाल ने पंजाब के लोगों से सतर्क रहने और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई पंजाब को अस्थिर करने की कोशिश करेगा तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।