अमृतसर में आम आदमी पार्टी के विधायक गुरदीप सिंह रंधावा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेताओं द्वारा पंजाब पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद करार दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने हमेशा कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की है और 72 घंटों के भीतर इंसाफ सुनिश्चित करना उसकी पेशेवर क्षमता को दर्शाता है। रंधावा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलिस पर इस तरह के आरोप लगाना निंदनीय है। उन्होंने दावा किया कि जब सुखजिंदर रंधावा जेल मंत्री थे, उस दौरान लखनऊ में अंसारी परिवार द्वारा उनके स्वागत की बात सामने आई थी, जिस पर कांग्रेस को स्पष्टीकरण देना चाहिए। विधायक ने कहा कि आरोप लगाने के बजाय कांग्रेस को अपने शासनकाल के फैसलों पर जवाबदेही निभानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय गैंगस्टरों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कालानौर घोटाले का जिक्र करते हुए रंधावा ने कहा कि अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर बड़ा घोटाला किया गया। उस समय सुखजिंदर रंधावा स्वयं मंत्री थे। इस मामले में आठ कर्मचारियों, जिनमें बीडीपीओ भी शामिल हैं, के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एफआईआर विजिलेंस विभाग में दर्ज है और सभी दस्तावेज उपलब्ध हैं। अंत में गुरदीप सिंह रंधावा ने कहा कि वे पंजाब पुलिस का सम्मान करते हैं और पुलिस का मनोबल गिराने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।