अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़े आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े दो कथित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस, चार पेट्रोल बम और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जांच में सामने आया है कि दोनों मॉड्यूल विदेश में बैठे आईएसआई हैंडलरों के संपर्क में थे। आरोपियों को संवेदनशील स्थानों की रेकी, अवैध हथियार जुटाने और पंजाब में शांति व्यवस्था भंग करने के उद्देश्य से सक्रिय किया गया था। जांच के दौरान यह भी पता चला कि एक मॉड्यूल ने रेलवे ट्रैक के पास सीसीटीवी कैमरे लगाकर वहां की गतिविधियों की फुटेज पाकिस्तान भेजने की व्यवस्था की थी। पुलिस का दावा है कि समय रहते इस साजिश को विफल कर दिया गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार इन कैमरों के जरिए संवेदनशील गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।