अमृतसर के मकबूलपुरा चौक में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां ट्रक और एक्टिवा की जोरदार टक्कर में 7 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और शोक का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को हादसे की सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी अमनदीप कौर ने बताया कि ट्रक और एक्टिवा की टक्कर में बच्ची को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक बच्ची की पहचान मोनी के रूप में हुई है, जो चीमा साइड की रहने वाली बताई जा रही है।