गुुरुग्राम में सिविल लांइस स्थित स्वतंत्रता सेनानी भवन में कला ग्राम द्वारा लगाई पेंटिंग प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रही है। प्रदर्शनी में एक ओर लोग उपायुक्त की परिकल्पना कलाग्राम के माध्यम से संगीत, थियेटर, नृत्य आदि की जानकारी ले रहे हैं, दूसरी ओर 12 कलाकारों की विभिन्न शैली की पेटिंग भी देख रहे हैं। कला ग्राम की निदेशक शिखा गुप्ता ने बताया कि कला ग्राम एक एनजीओ हैं मगर इसे जिला प्रशासन और नगर निगम का संरक्षण है। इसका उद्देश्य लोक संगीत, नृत्य, शास्त्रीय नृत्य, पेंटिंग, मूर्तिकला आदि कला की हर विधा को प्रोत्साहित करना है। सेक्टर 29 स्थित ओपन एयर थियेटर रंगभूमि में कला ग्राम हर महीने के तीसरे शनिवार को चाय पर चौपाल कार्यक्रम करता है। इस दौरान प्रस्तुतियां होती हैं। कलाग्राम के चेयरपर्सन डीसी और वाइस चेयरपर्सन निगमायुक्त है। कई बड़े थियेटर आर्टिस्ट, शास्त्रीय संगीतकारों जैसे उस्ताद अमजद अली खान, शोभना नारायण, गीतेश मिश्र, प्रिया वेंकटरमण, मोहनकांत, जयंती आर्या आदि ने कलाग्राम के लिए कार्यक्रम प्रस्तुत किए है। इसका उद्देश्य नए कलाकारों को प्रोत्साहित करना और उन्हें सिद्धहस्त कलाकारों के साथ जोड़ना भी है।