पंजाब में धान की बुआई का सीजन अब पूरे जोर पर है। सरकार द्वारा निर्धारित समय के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में अलग-अलग तारीख से धान की बुआई की अनुमति दी गई थी। कुछ जिलों में धान की बुआई एक जून से, कुछ में 5 जून और मोगा, लुधियाना, मानसा, पटियाला आदि जिलों में धान बुआई 9 जून से शुरू हुई है। किसानों ने सरकार के इस फैसले की सराहना की है कि इस बार उन्हें पहले की तुलना में लगभग 10 दिन अधिक का समय मिला है। किसानों ने बताया कि पानी और बिजली की कोई कमी नहीं है। उन्हें प्रतिदिन 8 घंटे बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से मिल रही है। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने बताया कि सोमवार से जिले में धान की बुआई आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसानों को बिजली और पानी की कोई कमी न हो। जो किसान सीधी बुआई कर रहे हैं उन्हें सरकार की ओर से प्रति एकड़ 1500 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी।