राहुल गांधी की ओर से कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में दिए गए बयान को लेकर देश में राजनीति गरम है। भाजपा राहुल गांधी को विदेश में दिए गए बयानों को लेकर घेर रही है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कर्नाटक दौरे के दौरान राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा था कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग लंदन में भारत के लोकतंत्र पर हमला करते हैं। वहीं, पीएम मोदी के बयान पर अब कांग्रेस भी आगबबूला हो उठी। पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग प्रमुख पवन खेड़ा ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए पूछा है कि उनकी नीतियों की आलोचना करना देश की आलोचना करना कब से हो गया। पवन खेड़ा ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि, आप सिर्फ एक प्रधानमंत्री हैं, ना आप देश हैं, ना भगवान हैं और ना ही सृष्टिकर्ता हैं।